चंडीगढ़ , अक्टूबर 25 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पंजाब के बुजुर्ग नागरिकों की सुरक्षा से ज्यादा दूसरे राज्यों से लाई गई बसों के कारोबार की चिंता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत चलने वाली बसों की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के नोटिस को केजरीवाल राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं।
चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय से रविवार को जारी बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि स्लीपर बसों में आग लगने की घटनाओं के मद्देनजर मानवाधिकार आयोग ने पिछले एक वर्ष में देशभर में 1,000 बसों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं और इनमें लोगों की जान भी गई है। उनके मुताबिक, इस कार्रवाई को केवल पंजाब से जोड़कर पेश करना गलत है।
श्री ढिल्लों ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने जनवरी 2026 में मानवाधिकार आयोग को सूचित किया था कि राज्य में कोई स्लीपर बस पंजीकृत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका अर्थ है कि पंजाब में तीर्थयात्रा योजना के तहत चलने वाली बसें दूसरे राज्यों से लाई गई निजी बसें हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि योजना का संचालन करने वाले व्यक्ति को दिल्ली से लाया गया है और केजरीवाल अपने करीबी सहयोगी के माध्यम से योजना चला रहे हैं।
भाजपा नेता ने श्री केजरीवाल पर गलत बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में तीर्थयात्रा योजना बंद किए जाने की आशंका जताने से पहले उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद क्या वहां यह योजना बंद कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित