नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- सेल के निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार सिंह ने गुरुवार को भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया।

श्री सिंह के पास प्रचालन, मानव संसाधन विकास, सतर्कता और कार्मिक एवं प्रशासन जैसे विविध क्षेत्रों में लगभग चार दशकों का गहन अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1987 में भिलाई इस्पात संयंत्र में एक प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में की थी, जहां उन्होंने मानव संसाधन विकास विभाग में जाने से पहले 'ब्लूमिंग एंड बिलेट मिल' में एक दशक से अधिक समय तक अपना योगदान दिया। उन्होंने कार्मिक और प्रशासन विभाग के कार्यकारी निदेशक (प्रभारी) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

श्री सिंह को 2022 में निदेशक (कार्मिक) नियुक्त किया गया, जो इस क्षेत्र के बारे में उनके गहरे ज्ञान और मजबूत नेतृत्व कौशल को दर्शाता है। इस भूमिका में उन्होंने सेल के मानव संसाधन के कायाकल्प का नेतृत्व किया है। उन्होंने कार्यबल को भविष्य के लिए तैयार करने हेतु विकासशील कार्मिक कल्याण और विकास योजनाओं की शुरुआत की है।

सेल की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उनका नेतृत्व सेल की 'जन-केंद्रित' प्रगति को मजबूत कर रहा है और अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में वह संगठन को निरंतर उत्कृष्टता और नवाचार की ओर अग्रसर कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित