कोलकाता , मई 16 -- फिन एलेन (93), अंगकृष रघुवंशी (नाबाद 82) और कैमरन ग्रीन (नाबाद 52) के आतिशी अर्धशतकों से कोलकाता नाईट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को शनिवार को आईपीएल मुकाबले में 29 रन से हराकर जोर का झटका दे दिया।
केकेआर ने ईडन गार्डन्स में दो विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर गुजरात की चुनौती को चार विकेट पर 218 रन पर थाम लिया। इस हार के बाद गुजरात 13 मैचों में पांचवीं हार और 16 अंकों के साथ तालिका में अपने दूसरे स्थान पर कायम है। केकेआर की 12 मैचों में यह पांचवीं जीत है और वह 11 अंकों के साथ छठे स्थान पर आ गया है।
केकेआर ने जब 247 रन बना दिए थे, तभी लग गया था कि जीटी के लिहाज से यह काफी बड़ा स्कोर है। हालांकि शुभमन गिल, जॉस बटलर और साई सुदर्शन ने जमकर मुक़ाबला किया। गिल ने 85, सुदर्शन ने नाबाद 53 और बटलर ने 57 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
गुजरात ने फ़िन ऐलन का कैच दो बार ड्रॉप किया था, जो उन्हें महंगा पड़ गया। दोनों टीमों के बीच छक्के लगाने का अंतर भी साफ रहा। केकेआर ने 22 छक्के लगाए और जीटी 12 ही छक्के लगा सकी। जीटी लगातार पांच मैच जीतकर आ रही थी लेकिन केकेआर ने उनके इस विजय रथ को रोक दिया है। अब जीटी का एक मैच बचा है और 18 अंकों तक पहुंचने के लिए उन्हें उस मैच को जीतना होगा। वहीं केकेआर के 12 मैच में 11 अंक हो गए हैं। अगर वो अपने बचे हुए दोनों मैच जीत लेते हैं तो फिर उनके 15 अंक हो जाएंगे। ऐसे में केकेआर की संभावनाएं अभी भी जीवित हैं।
इससे पहले गुजरात ने जब टॉस जीतकर केकेआर को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था, तब उन्हें शायद उम्मीद नहीं रही होगी कि केकेआर के बल्लेबाज उनके गेंदबाजों का यह हाल करेंगे। सिराज ने अपने स्पेल में 50 और राशिद ख़ान ने 57 रन दे दिए। रबाडा और होल्डर ने भी 10 की रन रेट से रन दिए। हालांकि इसमें गलती खुद जीटी की है, जिन्होंने तीन चार कैच ड्रॉप किए। होल्डर से ऐलन का मुश्किल कैच ड्रॉप हुआ था लेकिन सिराज ने तो बेहद आसान सा कैच ऐलन का ड्रॉप किया था। उस वक्त वो सिर्फ 33 रन पर थे। इसका फायदा उठाते हुए ऐलन ने 35 गेंद पर 93 रन बना दिए।
ग्रीन और रघुवंशी ने उनके आउट होने के बाद रन गति कम नहीं होने दी। रघुवंशी ने 44 गेंद पर नाबाद 82 और ग्रीन ने 28 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए। केकेआर की पारी में कुल 22 छक्के लगे जो आईपीएल इतिहास में किसी पारी में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं।
अजिंक्य रहाणे 14 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, लेकिन फिर फिन एलन ने ज़बरदस्त पारी खेली; उन्हें दो बार कैच छोड़ने का जीवनदान मिला-14 और 33 रन पर-और फिर उन्होंने गुजरात टाइटन्स को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी। जैसे-जैसे गेंदबाज़ी कमज़ोर पड़ती गई, इस दाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने सिर्फ़ छक्कों में ही बात की। टाइटन्स ने कैचिंग और फील्डिंग, दोनों में ही ढिलाई बरतकर अपनी मुश्किलें और बढ़ा लीं। फिन के आउट होने के बाद, रघुवंशी ने मोर्चा संभाला और कैमरन ग्रीन ने उनका बखूबी साथ निभाया, जिससे रनों का सिलसिला लगातार जारी रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित