पटना , सितंबर 15 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य के कई इलाकों में बाढ़ से लोग प्रभावित हैं, लेकिन केंद्र से अपेक्षित सहायता नहीं मिली है और राज्य सरकार को प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

श्री यादव ने कहा कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों के सामने भोजन, आवास और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने राज्य सरकार से सवाल किया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

राजद नेता ने बिहार की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आकस्मिक निधि का इस्तेमाल कर्मचारियों के वेतन भुगतान में कर दिया गया, जिसके कारण आपदा के समय बाढ़ पीड़ितों के लिए पर्याप्त राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में सरकार के हाथ बंधे हुए हैं।

श्री यादव ने कहा कि बिहार की जनता को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय रोजगार, अपराध से सुरक्षा, महंगाई से राहत, गरीबी से मुक्ति और आपदा के समय तत्काल सरकारी सहायता की जरूरत है। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय सरकार की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है तथा प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, आर्थिक सहायता, सुरक्षित आवास और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित