रामगढ़ , जून 22 -- झारखंड के रामगढ़ में भारत सरकार की राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य देवेश तिवारी रविवार को आगमन हुआ।
जिला प्रवास के दौरान उन्होंने सोमवार को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम किया गया है, जिससे रामगढ़ जिले के हजारों परिवारों को लाभ मिला है।
उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है।
श्री तिवारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब एवं बेघर परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में राशि सीधे भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित