श्रीगंगानगर , फरवरी 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में केंद्र एवं राज्य सरकार की जन-विरोधी नीतियों के विरोध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 25 फरवरी को जनसभा का आयोजन करेगी।
अखिल भारतीय किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष कॉमरेड कौरसिंह सिंधू ने सोमवार को बताया कि केंद्र सरकार द्वारा अमरीका के साथ किए गए समझौतों, बिजली के निजीकरण, बीजों के निजीकरण के प्रस्ताव, पैट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि और मनरेगा योजना का नाम बदलकर उसे बंद करने की कोशिश के खिलाफ यह जनसभा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि माकपा का स्पष्ट मानना है कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियाँ किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों के सर्वथा विपरीत हैं। बिजली महंगी करने, बीज-खाद पर कॉर्पोरेट का कब्जा करने, मनरेगा जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को कमजोर करने और पैट्रोल-डीजल जैसे आवश्यक वस्तुओं पर बोझ बढ़ाने से आम आदमी की जिंदगी और भी कठिन हो रही है। हम इन नीतियों का डटकर विरोध करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनसभा को मुख्य रूप से सीकर लोकसभा क्षेत्र के सांसद कॉमरेड अमराराम सहित माकपा के अन्य प्रमुख नेता संबोधित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित