रायपुर , जून 13 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय तथा निरंतर संवाद से विकास कार्यों को नई गति मिली है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री श्री साय से शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच सहयोगात्मक दृष्टिकोण के कारण विभिन्न विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत साझेदारी से अधोसंरचना विकास, उद्योग, रोजगार, कौशल विकास तथा जनसेवा से जुड़े क्षेत्रों में नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी सहयोग और समन्वय से छत्तीसगढ़ के विकास को और मजबूती मिलेगी तथा विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने में सहायता प्राप्त होगी।

मुलाकात के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित