चंडीगढ़ , सितंबर 02 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर पंजाब के फंड रोकने और केंद्रीय जांच एजेंसियों का कथित राजनीतिक इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया।
श्री पन्नू ने प्रेसवार्ता में कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी आप सरकार के कामकाज को लेकर लोगों में भ्रम पैदा करने की कोशिश की गयी थी, लेकिन पंजाब की जनता ने श्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार बनाने का स्पष्ट जनादेश दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के सत्ता में आने के बाद केंद्र ने पंजाब की विभिन्न निधियां रोकनी शुरू कर दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास फंड (आरडीएफ) के हजारों करोड़ रुपये अभी भी लंबित हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र द्वारा मनरेगा के ढांचे में किये गये बदलावों का भी पंजाब पर असर पड़ा है। बाढ़ प्रभावित पंजाब को केंद्र से मिली सहायता का उल्लेख करते हुए श्री पन्नू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राज्य दौरे और नुकसान की जानकारी दिये जाने के बावजूद पंजाब को केवल 1,600 करोड़ रुपये की सहायता मिली। उन्होंने कहा कि वित्तीय बाधाओं के बावजूद मान सरकार ने स्कूलों, स्वास्थ्य सेवाओं, मोहल्ला क्लीनिकों, अस्पतालों और सड़कों से जुड़े विकास कार्य जारी रखे।
श्री पन्नू ने दावा किया कि पंजाब शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) और नशों के खिलाफ चलाये जा रहे 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान का भी उल्लेख किया।
केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए श्री पन्नू ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा द्वारा केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसियों के माध्यम से विपक्षी सरकारों को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने वीडियो और चुनिंदा घटनाओं के जरिए पंजाब की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
ईडी से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर श्री पन्नू ने कहा कि एजेंसी को पंजाब पुलिस को स्पष्ट और पूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच के लिए उपलब्ध सामग्री अस्पष्ट स्क्रीनशॉट या अधूरी जानकारी तक सीमित है तो उसके आधार पर एफआईआर दर्ज करना कैसे संभव होगा। उन्होंने ईडी पर पत्रों और सूचनाओं को चुनिंदा तरीके से मीडिया में लीक कर नकारात्मक माहौल बनाने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित