हैदराबाद , सितंबर 18 -- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने शुक्रवार को तेलंगाना की राजधानी में कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत राज्य के ग्रामीण इलाकों के लिए दो लाख मकानों की मंजूरी दी है।
एक बयान में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की इस घोषणा का स्वागत करते हुए श्री संजय कुमार ने इस मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तेलंगाना के शहरी गरीबों के लिए पहले ही 1.13 लाख मकान मंजूर कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह ताजा मंजूरी राज्य के सभी पात्र बेघर गरीबों को मकान मुहैया कराने की केंद्रीय पहल का हिस्सा है। उन्होंने तेलंगाना सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि इन मकानों का निर्माण और आवंटन केवल पात्र लाभार्थियों को ही किया जाए, न कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं या उनके समर्थकों को।
श्री संजय कुमार ने आरोप लगाया कि पिछली बीआरएस सरकार ने गरीबों को आवास से वंचित रखा और केंद्र के मंजूर धन का दुरुपयोग किया। उन्होंने दावा किया कि 10 लाख तक मकानों के प्रस्ताव भेजने के उनके अनुरोध के बावजूद तत्कालीन सरकार ने कोई प्रस्ताव नहीं भेजा, क्योंकि बीआरएस सरकार भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी को इसका श्रेय नहीं लेने देना चाहती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित