नोएडा , फरवरी 15 -- केंद्र सरकार ने नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है। यह विस्तार नोएडा सेक्टर 38 ए स्थित बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142 तक किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने रविवार को जानकारी दी। उन्होंने सूचना जारी कर प्रेषित किया कि प्रस्तावित नया मेट्रो कॉरिडोर कुल ग्यारह दशमलव छप्पन किलोमीटर लंबा होगा और इस पर लगभग दो हजार दो सौ चौवन करोड़ रुपये की लागत आएगी। परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस रूट पर कुल आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं-बॉटनिकल गार्डन,नोएडा सेक्टर-44,नोएडा ऑफिस,नोएडा सेक्टर-97,नोएडा सेक्टर-105,नोएडा सेक्टर-108,नोएडा सेक्टर-93,पंचशील बालक इंटर कॉलेज।

इस विस्तार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बॉटनिकल गार्डन स्टेशन पर एक्वा लाइन का सीधा कनेक्शन दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) नेटवर्क से होगा। इससे यात्रियों को आईजीआई एयरपोर्ट, नई दिल्ली और आनंद विहार जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक पहुंचना और आसान हो जाएगा।

इस विस्तार के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा का कुल मेट्रो नेटवर्क 61.62 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। इससे सड़क यातायात पर दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

मेट्रो विस्तार से रियल एस्टेट और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह परियोजना नोएडा-ग्रेटर नोएडा को सस्टेनेबल और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित