चंडीगढ़ , मार्च 11 -- पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने देश में बिगड़ते ऊर्जा संकट के लिए केन्द्र सरकार की 'विफल विदेश नीति' को जिम्मेदार ठहराया है।
पंजाब विधानसभा में चर्चा के दौरान श्री बैंस ने पेट्रोलियम और एलपीजी स्टॉक कम होने, पंजाब में उर्वरक संयंत्रों के बंद होने और राज्य को गैस आपूर्ति में भेदभाव पर चिंता जतायी। उन्होंने मांग की कि केंद्र पेट्रोलियम, एलपीजी और एलएनजी के वास्तविक राष्ट्रीय भंडार का खुलासा करे।
विधानसभा में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक द्वारा लाये गये निंदा प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए, श्री बैंस ने देश भर में पेट्रोलियम और एलपीजी के तेजी से खत्म हो रहे स्टॉक पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने केंद्र के आत्मनिर्भरता के दावों और जमीनी हकीकत के बीच विरोधाभास की ओर इशारा किया। उन्होंने केंद्र सरकार से देश में पेट्रोलियम, एलपीजी और एलएनजी के सटीक स्टॉक स्तरों के बारे में स्पष्ट जानकारी देने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित