नयी दिल्ली , अगस्त 15 -- केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अधीन आने वाले राजधानी और राजधानी के बाहर चलने वालें पुस्तकालयों, एशियाटिक सोसाइटी कोलकाता और मौलाना अबुल कलाम आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ एशियन स्टडीज (एमएकेएआईएस), कोलकाता ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों में ध्वजारोहण समारोह, देशभक्ति गीत गायन, कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, व्याख्यान, पुस्तक प्रदर्शनियां, तिरंगा यात्रा और देश के स्वतंत्रता संग्राम और देशभक्ति की भावना को उजागर करने वाली अन्य गतिविधियां शामिल थीं।
मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कोलकाता स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन वंदे मातरम के गायन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत, परेड का निरीक्षण, महानिदेशक द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान का गायन हुआ। राष्ट्रीय पुस्तकालय के महानिदेशक ने पुस्तकालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की सभा को संबोधित किया। स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति की भावना से भरपूर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मनाया गया, जिनमें तिरंगा यात्रा, "सेल्फी विद तिरंगा" और अन्य कार्यक्रम शामिल थे। इनका उद्देश्य जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना और देशभक्ति की भावना को फैलाना था।
दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी, स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर 9 से 17 अगस्त तक दिल्ली भर में अपनी शाखाओं और उप-शाखाओं में कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, इनमें , जिनमें चांदनी चौक लाइब्रेरी भी शामिल है । इन गतिविधियों में क्षेत्रीय पुस्तकालयों की विशेष रोशनी और सजावट, 'भारत छोड़ो आंदोलन' में युवाओं, महिलाओं और छात्रों की भूमिका पर कार्यक्रम, सेल्फी पॉइंट और तिरंगा यात्रा, 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' का आयोजन और सम्मानजनक ध्वजारोहण समारोह शामिल हैं।
खुदा बख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी, पटना 14 से 17 अगस्त तक "देशभक्ति" विषय पर पुस्तकों की एक प्रदर्शनी का आयोजन करेगा। वहां आज स्वाधीनता दिवस पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया, जिसके बाद 17 अगस्त को "स्वतंत्रता आंदोलन" पर एक व्याख्यान दिया गया।
कोलकाता के सेंट्रल रेफरेंस लाइब्रेरी में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुस्तकालय सूचना अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. अनंत सिन्हा के स्वागत भाषण और ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान का गायन, कर्मचारियों द्वारा वंदे मातरम का पूर्ण गायन और मिठाई वितरण किया गया।
नयी दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय अपने मुख्य पुस्तकालय, शास्त्री भवन और आरके पुरम शाखा पुस्तकालय में 14 से 31 अगस्त तक स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता दिवस के विषयों पर आधारित पुस्तकों की प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। शुक्रवार 14 अगस्त को शास्त्री भवन में राष्ट्रीय ध्वज परेड का आयोजन किया गया।
राजा राममोहन रॉय पुस्तकालय फाउंडेशन (आरआरएलएफ), कोलकाता ने अपने महानिदेशक द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान गाने और वंदे मातरम गाने के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।
रामपुर रजा पुस्तकालय (आरआरएल) ने 13 से 15 अगस्त तक "भारत गाथा: संघर्ष से स्वाधीनता, स्वाधीनता से स्वाभिमान, स्वाभिमान से विकसित भारत" शीर्षक से तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस आयोजन में देशभक्ति से भरपूर सेल्फी बूथ, पुस्तकालय भवन को तिरंगे से रोशन करना, भारत के मानचित्र को दर्शाने वाली तिरंगी रंगोली, राष्ट्रीय ध्वजों की स्थापना, सोशल मीडिया पर प्रचार, ध्वजारोहण और वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी शामिल था।
एशियाटिक सोसाइटी, कोलकाता ने आज स्वतंत्रता दिवस कई स्मृति कार्यक्रमों के साथ मनाया। समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराना, वंदे मातरम और राष्ट्रगान का गायन और ऋषि अरबिंदो की प्रतिमा पर माल्यार्पण शामिल था।
संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव के.के. मिश्रा ने हेरिटेज बिल्डिंग में "1857: प्रथम स्वतंत्रता संग्राम" शीर्षक से एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सोसाइटी ने राजा राजेंद्र मित्र भवन, साल्ट लेक और 91, बालीगंज प्लेस, कोलकाता में भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित किये।
एमएकेएआईएस ने स्वतंत्रता दिवस को भव्य तरीके से मनाया। 13 और 14 अगस्त को विभाजन की भयावहता पर दो सेमिनार आयोजित किये गये। इनमें शोधार्थियों, शोध सहायकों, विश्वविद्यालय के छात्रों और अन्य लोगों ने भाग लिया। स्वामी विवेकानंद, सेलुलर जेल, मातोंगिनी हाजरा और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर बनी फिल्में दिखाई गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से दर्ज किए गए। पंद्रह अगस्त को ध्वजारोहण समारोह के साथ विभाजन की भयावहता पर एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित