देहरादून/टिहरी गढ़वाल , अगस्त 13 -- "हर घर तिरंगा" अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को उत्तराखंड के न्यू टिहरी में प्रचार वाहन को टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने संवाददाताओं को जिले में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी खंडेलवाल ने केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून द्वारा न्यू टिहरी में आयोजित की जा रही चित्र प्रदर्शनी की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में 'हर घर तिरंगा' विभाजन की विभीषिका और 'वंदे मातरम्' जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा तथा राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
इस दौरान, सीबीसी के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने 14-15 अगस्त को न्यू टिहरी में आयोजित होने वाले एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 'हर घर तिरंगा', 'वंदे मातरम्' और 'विभाजन की विभीषिका' विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, उसकी यात्रा तथा 'वंदे मातरम्' के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित