बाजपुर , अक्टूबर 02 -- केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरम ने शुक्रवार को यहां कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों को केंद्रीय विद्यालय और सैनिक स्कूलों की तर्ज पर उत्कृष्ट बनाया जाएगा।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) बाजपुर पहुंचे मंत्री ओरम ने स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम में भाग लेते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के समग्र उत्थान के लिए प्रति वर्ष दो लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है। देश भर में कुल 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 428 वर्तमान में संचालित हो रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने परिसर में पौधरोपण कर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया और आम लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद मंत्री ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया।
इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गांधी जयंती पर उन्होंने बापू का प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजा राम' प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, सुखदेव सिंह नामधारी, भाजपा प्रदेश महामंत्री राकेश, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह, प्रदेश मंत्री राजकुमार, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कमलजीत, कृष्णा सिंह, जनजाति मोर्चा प्रदेश सदस्य रामचंद्र समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित