बैतूल , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन के दौरान हेलीपैड पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने बैतूल पहुंचे थे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने बैतूल पहुंचकर श्री खंडेलवाल के निवास पर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में पार्टी और संगठन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद जब श्री चौहान हेलीकॉप्टर से लौटने के लिए हेलीपैड पहुंचे तो वहां पहले से बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित कई लोग उन्हें करीब से देखने और मिलने के लिए एकत्र हो गए। लोगों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया और कई लोगों ने मोबाइल फोन से उनके साथ तस्वीरें और वीडियो भी बनाए।

इस दौरान एक युवती ने मुस्कुराते हुए उनसे कहा कि उसने उसी दिन उनकी रील देखी और वे बैतूल आ गए। इस पर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे। श्री चौहान ने भी सहज अंदाज में हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया है, जिसे बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित