नयी दिल्ली , अगस्त 13 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी आगामी 14 अगस्त को पंजाब दौरे पर रहेंगे। यह दौरा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी पारदर्शिता और खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था की मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह 14 अगस्त को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में, सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी आधारित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था की शुरुआत करेंगे।
इसके माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनाज व अन्य लाभों का भुगतान और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी विशिष्ट अतिथि होंगे, वहीं केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बंभणिया भी उपस्थित रहेंगी। श्री जोशी के पास उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय एवं नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित