चंडीगढ़ , मई 05 -- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के जन्मदिन पर उनके जीवन पर आधारित गीत राजनीति के संत मनोहर लाल का विमोचन हरियाणा निवास में किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर हरविंदर कल्याण ने कहा कि मनोहर लाल जैसे व्यक्तित्व राजनीति में विरले ही देखने को मिलते हैं जिन्होंने अंत्योदय की भावना के साथ समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि 2014 में सत्ता परिवर्तन के साथ मनोहर लाल ने हरियाणा में व्यवस्थागत बदलाव की मजबूत नींव रखी जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित हुआ।

उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में नौकरियों और तबादलों में पारदर्शिता आई तथा ऑनलाइन प्रणाली लागू होने से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा। आज योग्य युवाओं को बिना सिफारिश और खर्च के अवसर मिल रहे हैं।

श्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि मनोहर लाल का जीवन एक संत और कुशल प्रशासक का उदाहरण है। उन्होंने ''एक हरियाणा, एक हरियाणवी'' की सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रशासनिक सुधारों को मजबूती दी। निष्पक्ष भर्ती नीति से ग्रामीण और गरीब परिवारों के युवाओं को नई उम्मीद मिली है।

कार्यक्रम के दौरान गीत का पोस्टर भी जारी किया गया। यह गीत डॉ. नवीन लांबा द्वारा लिखित और नवीन पूनिया द्वारा गाया गया है। नेताओं ने कहा कि यह गीत मनोहर लाल के जीवन मूल्यों और सादगी को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित