ईटानगर , अगस्त 06 -- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले के पोस्सा और नीपको कॉलोनी में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य के नगर विकास मंत्री बालो राजा और याचुली के विधायक टोको तातुंग भी मौजूद रहे। श्री नड्डा ने अवसंरचना को पहुंचे नुकसान की समीक्षा की और जारी राहत एवं पुनर्वास कार्यों की स्थिति जानने के लिए प्रभावित परिवारों तथा स्थानीय अधिकारियों से बातचीत की। आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद,श्री नड्डा ने ईटानगर में मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उप मुख्यमंत्री चौना मीन, राज्य के मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित