होशियारपुर , अप्रैल 17 -- पंजाब में होशियारपुर की केंद्रीय जेल में बंद एक कैदी की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी।
जेल अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अमन लोई के रूप में हुई है, जो होशियारपुर के रविदास नगर इलाके का निवासी था।
उन्होंने कहा कि लोई सदर होशियारपुर थाना में दर्ज एक मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 376-डी (सामूहिक दुष्कर्म) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत 10 साल की सजा काट रहा था। वह पैरोल पर जाने के बाद गुरुवार शाम को ही जेल वापस लौटा था।
श्री सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह लोई ने घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा (कार्डियक अरेस्ट) बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए नियमों के अनुसार जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित