रांची , मई 14 -- झारखंड दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री, भारत सरकार सतीश चंद्र दुबे ने आज जारंगडीह स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) परियोजना क्षेत्र का दौरा कर जारंगडीह परियोजना एवं संशोधित माइन क्लोजर प्लान की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पुनर्वास, स्थानीय जनकल्याण तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई।

इसके उपरांत मंत्री श्री दुबे ने कथारा क्षेत्र स्थित सीसीएल के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण कर वहां संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे स्थानीय युवाओं से संवाद किया तथा प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं को सर्टिफिकेट भी दिया।

वहीं, मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार कोयला क्षेत्र में आधुनिक, पारदर्शी एवं सतत विकास आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके। सीसीएल द्वारा सीएसआर के अंतर्गत संचालित यह केंद्र स्थानीय युवाओं, महिलाओं एवं जरूरतमंद वर्गों को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।

सीसीएल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक से मंत्री ने रांची के 7 वर्षीय इशांक सिंह को सम्मानित किया। इशांक ने महज 9 घंटे 50 मिनट में श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी से तक लगभग 29 किलोमीटर लंबे समुद्री सफर को तैरकर पूरा किया है। इस उपलब्धि के साथ वे ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं।

इसके अतिरिक्त मंत्री श्री दुबे ने सीसीएल एवं झारखंड सरकार की संयुक्त पहल से संचालित झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी के तीन अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों- विकास उरांव, कुमारी रिष्टी राज एवं चंदा कुमारी को भी सम्मानित किया।

इसके बाद सीसीएल मुख्यालय में श्री दुबे के नेतृत्व में मंत्रालय के अधिकारियों, सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक(वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक(मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक(योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा एवं सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों तथा विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्पादन, परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा, सीएसआर गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके पश्चात मंत्री श्री दुबे ने सीएमपीडीआई की भी समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न परियोजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित