रांची , अक्टूबर 06 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान झाऱखंड के आईसीएआर-आईआईएबी, राँची में विभिन्न सुविधाओं का उद्घाटन 8 अक्टूबर को करेंगे।

भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान(आईसीएआर-आईआईएबी), राँची ने 8 अक्टूबर, 2026 को संस्थान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. सुजय रक्षित, निदेशक, आईसीएआर-आईआईएबी ने मीडिया प्रतिनिधियों को आगामी कार्यक्रम एवं संस्थान की प्रमुख पहलों के संबंध में जानकारी दी।

श्री चौहान आईसीएआर-आईआईएबी के मुख्य-सह-प्रशासनिक भवन, बिरसा मुंडा बहुउद्देशीय सभागार, जयपाल सिंह मुंडा खेल परिसर एवं जीनोमिक्स सुविधाका उद्घाटन तथा गेस्ट हाउस के शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर प्री-रबी किसान गोष्ठी एवं कृषि आदान वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें 1,400 से अधिक किसान भाग लेंगे। यह कार्यक्रम किसानों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं एवं अन्य हितधारकों के बीच संवाद एवं ज्ञान के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच होगा।

कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे जबकि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, रासंजय सेठ, झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, विधायक राजेश कच्छप, डॉ. एम. एल. जाट तथा डॉ. डी. के. यादव आईसीएआर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य अतिथियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान डॉ. सुजय रक्षित ने कार्यक्रम के महत्व तथा कृषि अनुसंधान, जैव प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं किसान-केंद्रित प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संस्थान के योगदान पर प्रकाश डाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित