नारायणपुर , अक्टूबर 16 -- भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय के उप सचिव प्रशांत एम.एस. ने छत्तीसगढ़ के नारायणपुर की कलेक्टर नम्रता जैन के साथ जिले में शिक्षा एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण कर उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली।
शनिवार को प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, केंद्रीय उप सचिव ने जिले के भ्रमण के दौरान स्कूल केइन्ता अभियान के अंतर्गत संचालित वैकल्पिक शाला मुसेर का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय में बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों की सहभागिता का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि स्कूल केइन्ता अभियान का उद्देश्य पहुंचविहीन एवं दूरस्थ इलाकों में शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें नियमित रूप से सीखने के अवसर उपलब्ध कराना है।
भ्रमण के दौरान केंद्रीय उप सचिव ने गुमियाबेड़ा में पौधरोपण एवं बागवानी के माध्यम से ग्रामीणों की आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र में संचालित कृषि एवं बागवानी संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित