नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- वाटर प्यूरीफायर कारोबार से अपनी पहचान बनाने वाली केंट आरओ सिस्टम्स लिमिटेड ने अब घरेलू ऊर्जा क्षेत्र में कदम रखते हुए बुधवार को बैटरी-इन्वर्टर पेश करने की घोषणा की।
कंपनी ने इसके लिए अपने नए डिवीजन 'केंट न्यू एनर्जी' की शुरुआत करते हुए लिथियम बैटरी, सोलर हाइब्रिड इन्वर्टर और स्मार्ट पावर बैकअप उत्पाद पेश किए हैं। कंपनी इससे पहले वाटर प्यूरीफायर और कूल बीएलडीसी पंखे बनाती रही है।
सोलर एनर्जी स्टोरेज रूफटॉप सौर संयंत्र वाले घरों में ऊर्जा के भंडारण और एयर कंडीशनर तथा पंप जैसे अधिक लोड वाले उपकरणों को चलाने के लिए तैयार की गई है। वहीं केंट न्यू एनर्जी का दूसरा उत्पाद पावर बैकअप है, जिसमें मौजूदा घरेलू इन्वर्टर और यूपीएस के लिए आधुनिक लिथियम बैटरियां तथा नए इन्वर्टर शामिल हैं। दोनों उत्पादों में मोबाइल ऐप आधारित मॉनिटरिंग और स्मार्ट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
केंट आरओ ने लिथियम बैटरी और इन्वर्टर निर्माण के लिए नोएडा के सेक्टर-159 में करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश किया है। छह एकड़ क्षेत्र में फैले इस संयंत्र में लगभग तीन लाख वर्ग फुट की पूर्ण वातानुकूलित विनिर्माण सुविधा विकसित की गई है। प्लांट की मौजूदा स्थापित वार्षिक उत्पादन क्षमता 3.5 गीगावाट आवर है, जिसे अगले छह महीने में बढ़ाकर 10 गीगावाट आवर करने की योजना है।
केंट आरओ सिस्टम्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक महेश गुप्ता ने कहा, "हमारा विजन केंट के प्रति उपभोक्ताओं के वर्षों पुराने भरोसे को आगे बढ़ाते हुए रोजमर्रा की जिंदगी की तीन अनिवार्य जरूरतों - पानी, हवा और बिजली - तक अपनी भूमिका का विस्तार करना है। हमने परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने से शुरुआत की थी। अब हम उन्हें अपने घरों में ऊर्जा उत्पादन, भंडारण और प्रबंधन के लिए सक्षम बनाना चाहते हैं।"कंपनी ने सोलर हाइब्रिड इन्वर्टर की विस्तृत रेंज भी उतारी है। सिंगल-फेज इन्वर्टर तीन किलोवाट, पांच किलोवाट और छह किलोवाट क्षमता में उपलब्ध हैं। अधिक ऊर्जा जरूरत वाले परिसरों के लिए थ्री-फेज श्रेणी में 10 किलोवाट, 12 किलोवाट और 15 किलोवाट के मॉडल पेश किए गए हैं।
ये इन्वर्टर सोलर, ग्रिड और बैटरी से मिलने वाली ऊर्जा को एकीकृत करके आवश्यकतानुसार आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं। कंपनी के अनुसार, तीन किलोवाट का इन्वर्टर एक इन्वर्टर एसी के साथ घर की लाइटें चला सकता है, जबकि पांच किलोवाट मॉडल दो इन्वर्टर एसी, एक सबमर्सिबल पंप और लाइटिंग लोड को सपोर्ट करने में सक्षम है।
नई रेंज की एक प्रमुख विशेषता कंपनी का अपना सॉफ्टवेयर और स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम है। प्रत्येक केंट सोलर हाइब्रिड इन्वर्टर के साथ 4जी डेटा लॉगर और पांच वर्ष का डेटा पैक दिया जाएगा, जिसकी कीमत उत्पाद में ही शामिल होगी।
कंपनी के केंट सेंट्रल कमांड मोबाइल ऐप के जरिये इंस्टॉलर अपने द्वारा लगाए गए सभी इन्वर्टरों की लाइव स्थिति देख सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर दूर बैठे उनकी सेटिंग्स भी बदल सकेंगे। इससे तकनीकी सेटिंग्स में बदलाव के लिए हर बार ग्राहक के घर जाने की जरूरत कम होगी।
यह तकनीक घरेलू वाई-फाई की बजाय मोबाइल नेटवर्क का इस्तेमाल करती है, जिससे इन्वर्टर को लगातार कनेक्टेड रखने में मदद मिलती है। कंपनी के अनुसार, संबंधित डेटा भारत में स्थित केंट के सर्वरों पर स्टोर किया जाता है, जो नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की शर्तों के अनुरूप है।
पावर बैकअप श्रेणी में कंपनी ने 12 वोल्ट और 24 वोल्ट की लिथियम बैटरियां पेश की हैं, जिन्हें मौजूदा घरेलू यूपीएस और इन्वर्टर में पारंपरिक लेड-एसिड बैटरियों के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
इनकी क्षमता 1.28 किलोवाट आवर से 3.84 किलोवाट आवर तक है। बैटरियों की डिजाइन लाइफ 10 वर्ष बताई गई है। ये 90 प्रतिशत डेप्थ ऑफ डिस्चार्ज को सपोर्ट करती हैं। पारंपरिक बैटरियों के विपरीत इनमें पानी भरने की आवश्यकता नहीं होती।
उपभोक्ता केंट मोबाइल ऐप के माध्यम से बैटरी का चार्ज लेवल, एनर्जी इस्तेमाल और बैटरी की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। बारह वोल्ट लिथियम बैटरी की शुरुआती कीमत 22,000 रुपये रखी गई है। कंपनी के आंकलन के अनुसार, पारंपरिक लेड-एसिड बैटरियों की तुलना में इनसे 10 वर्षों के दौरान 30,000 रुपये से एक लाख रुपये तक की बचत संभव है।
कंपनी ने केंट ऑल-इन-वन इन्वर्टर भी लॉन्च किया है, जिसमें इन्वर्टर और लिथियम बैटरी को एक ही कॉम्पैक्ट यूनिट में जोड़ा गया है। इससे घरों में अलग इन्वर्टर और भारी-भरकम लेड-एसिड बैटरी रखने की आवश्यकता नहीं होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित