नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- दिल्ली विधानसभा ने कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल को आठवीं विधानसभा के प्रतिवष्ठित "वार्षिक सर्वश्रेष्ठ विधायक पुरस्कार" के लिए चयनित किए जाने की गुरुवार को घोषणा की।

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ विधायकों को सम्मानित करने की स्वस्थ परंपरा को पुनर्जीवित करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पहल उन सदस्यों को सम्मानित करने के लिए है जो विधायी कार्यों में उत्कृष्टता प्रदर्शित करते हैं और समिति कार्यों में अथक परिश्रम करते हैं। "वार्षिक सर्वश्रेष्ठ विधायक पुरस्कार" का मुख्य उद्देश्य उन जनप्रतिनिधियों को पहचान देना है जो ईमानदारी और समर्पण के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हैं और अपने साथियों के लिए एक आदर्श स्थापित करते हैं।

उन्होंने कहा कि जो विधायक सार्थक बहसों में भाग लेते हैं, महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाते हैं और जनता के साथ रचनात्मक संवाद बनाए रखते हैं, उन्हें सम्मानित करके दिल्ली विधानसभा सुशासन के उच्च मानकों को प्रेरित करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता के विश्वास को सुदृढ़ करना चाहती है। यह पुरस्कार पूरे विधायी समुदाय के लिए जवाबदेही, प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित