जयपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान कृषि विभाग द्वारा 20 से 23 जुलाई तक सहायक कृषि अधिकारी के 370, सांख्यिकी अधिकारी के 59, कृषि अनुसंधान अधिकारी के 73 तथा सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी के 98 अभ्यर्थियों सहित 600 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विभाग द्वारा इस दौरान राज्य कृषि प्रबंध संस्थान दुर्गापुरा, जयपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में सहायक कृषि अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी, कृषि अनुसंधान अधिकारी एवं सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की पात्रता जांच एवं मूल दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
विभाग के अनुसार पात्रता जांच के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज, अनुभव प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो) तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों का नियमानुसार गहन परीक्षण किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत भर्ती की आगामी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार संपादित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित