लखनऊ , जून 24 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 3446 पदों का फाइनल रिजल्ट बुधवार को घोषित कर दिया। चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही कृषि निदेशालय द्वारा रिक्त पदों के अनुरूप जिलों में नियुक्ति दी जाएगी।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि चयनित 3446 अभ्यर्थियों में सामान्य वर्ग से 1813, अनुसूचित जाति से 509, अनुसूचित जनजाति से 151, अन्य पिछड़ा वर्ग से 629 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 344 अभ्यर्थी शामिल हैं।

कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह भर्ती लंबे समय से प्रतीक्षित थी। अब कृषि विभाग का फील्ड स्तर पर काम और बेहतर हो पाएगा। इससे एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में विभाग प्रदेश सरकार को अहम सहयोग दे पाएगा। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

यूपीएसएसएससी ने प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद के लिए 13 जुलाई 2025 को लिखित परीक्षा कराई थी। 11 महीने बाद रिजल्ट जारी हुआ है। कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र और कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने भी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।

प्राविधिक सहायक की नियुक्ति से ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर किसानों को तकनीकी सलाह, योजना का लाभ और फसल प्रबंधन में सीधी मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित