देहरादून , मार्च 09 -- कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कृषि विभाग में नियमों के विरुद्ध अपात्र व्यक्तियों एवं फर्मों को पेस्ट कंट्रोल के लाइसेंस जारी करने तथा कुछ दुकानों पर प्रतिबंधित कीटनाशकों की अवैध बिक्री किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिये हैं।

श्री जोशी ने सोमवार को कृषि विभाग में नियमों के अपात्र व्यक्तियाें एवं फर्मों को पेस्ट कंट्रोल के लाइसेंस जारी करने के प्रकाशित समाचार को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में विभागीय सचिव को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करने के निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को इस मामले की निष्पक्ष जांच करके जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की करने को कहा है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी स्तर पर कोई भी दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित