पटना , अप्रैल 06 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार के लिए यह अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है कि कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय को मखाना वैल्यू चेन के लिए प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक इनोवेटिव प्रोडक्ट/सर्विस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है।
श्री यादव ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य में कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं किसानों के हित में किए गए सतत प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
कृषि मंत्री ने बताया कि यह पुरस्कार इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स (आईओडी) द्वारा प्रदान किया जाता है। संस्था की ओर से चार अप्रैल 2026 को जारी पत्र में इसकी आधिकारिक सूचना दी गई है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का चयन भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस उदय यू. ललित की अध्यक्षता वाली एक उच्चस्तरीय जूरी द्वारा किया गया है, जो इस सम्मान की गरिमा को और भी बढ़ाता है।
श्री यादव ने कहा कि बिहार देश का लगभग 85 प्रतिशत मखाना उत्पादन करता है और अब मखाना राज्य की पहचान बनता जा रहा है। कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय द्वारा उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और निर्यात तक पूरी मखाना वैल्यू चेन को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं। इन प्रयासों से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, गुणवत्ता मानकों में सुधार आया है तथा बिहार का मखाना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक मजबूत ब्रांड के रूप में उभर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित