हनुमानगढ़ , मई 15 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के खुइयां थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लोकेंद्रसिंह राजपूत (23) ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता रविंद्र सिंह राजपूत की उसके ही गांव के मुकेश शर्मा (35) ने ट्रैक्टर के टायरों से कुचलकर हत्या कर दी।

उसने बताया कि कोलासर फांटा पर स्थित कृषि भूमि को लेकर उनके पिता रविंद्रसिंह और मुकेश शर्मा के बीच लंबे समय से गहरी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते बुधवार को रात करीब सवा आठ बजे रविंद्र सिंह पैदल गांव की एक गली से होकर जा रहे थे। तभी मुकेश शर्मा ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा और जानबूझकर अपने पिता को ट्रैक्टर के नीचे कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रविंद्रसिंह को निकटवर्ती सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित