, Sept. 14 -- श्री सिन्हा ने कहा कि कृषि ड्रोन केवल छिड़काव की सुविधा नहीं है, बल्कि बिहार की कृषि व्यवस्था को स्मार्ट, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक की पहुंच बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे फसल प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा तथा किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों को इस आधुनिक सुविधा का लाभ अनुदानित दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। कृषि विभाग के प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) पोर्टल पर निबंधित किसान योजना के लिए पात्र होंगे और अपने क्षेत्र के लिए कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
श्री सिन्हा ने बताया कि योजना के तहत एक किसान को प्रति मौसम अधिकतम 15 एकड़ क्षेत्र में अनुदानित दर पर छिड़काव की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। एक किसान एक फसल अथवा मौसम में अधिकतम दो छिड़काव का लाभ ले सकेगा। फसल की अवस्था तथा कीट-व्याधि अथवा खरपतवार के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार कीटनाशी, फफूंदनाशी, खरपतवारनाशी, पादप वृद्धि नियामक एवं तरल पोषक तत्वों का ड्रोन के माध्यम से छिड़काव कराया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित