नयी दिल्ली , जून 29 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ में स्थापित कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के पहले उत्कृष्टता केंद्र 'अन्नम-एआई' ने राष्ट्रीय एआई हैकाथॉन 'हैकाथॉन कोर 2026' की शुरुआत की है।

यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। इसमें बताया गया है कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना है जो फसलों की सेहत, कीट प्रबंधन, मिट्टी की गुणवत्ता, जलवायु के अनुकूल खेती और जैविक कृषि उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने में किसानों की मदद कर सके। यह हैकाथॉन युवाओं को अपने नए विचारों को वास्तविक समाधान में बदलने और उन्हें खेतों तक पहुंचाने का अवसर देगा।

यह प्रतियोगिता सभी छात्रों, शोधकर्ताओं, डेवलपर्स, नए व्यवसायों और नवाचारकर्ताओं के लिए खुली है। इच्छुक प्रतिभागी इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और विभिन्न श्रेणियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

विजेता टीम को इटली के अतीसा स्थित सिनजेंटा अनुसंधान केंद्र का दौरा करने का मौका मिलेगा, जहां वे जैविक उत्पाद अनुसंधान से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं को करीब से देख सकेंगे। इसके साथ ही विजेता टीमों को गूगल क्लाउड क्रेडिट्स भी दिये जायेंगे, जिनकी मदद से वे गूगल के क्लाउड प्लेटफॉर्म, एआई टूल्स, डेटा और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा प्रतिभागियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, जमीनी स्तर पर शोध करने का अवसर तथा कृषि विशेषज्ञों के साथ सीखने और अनुभव साझा करने का मौका मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित