वाराणसी , मार्च 31 -- काशी में आयोजित मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश सहयोग सम्मेलन 2026 में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश का एमएसएमई सेक्टर कृषि के बाद दूसरा सबसे अधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है।

श्री सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों के नव-निर्माण काल में डबल इंजन की सरकार ने अनेक जनहितैषी निर्णय लिए हैं। प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज विकास हुआ है। यहां एमएसएमई की 96 लाख इकाइयां हैं, जो कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है और लगभग तीन करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2018 में ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) कार्यक्रम की शुरुआत की थी। ओडीओपी उत्पादकों के कारण प्रदेश का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। ओडीओपी उत्पादों को वैश्विक पटल पर शोकेस करने के लिए अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले आयोजित किए जा चुके हैं। युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए बिना ब्याज के पांच लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के धार में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बड़े पीएम मित्र पार्क की नींव रखी है। इसी क्रम में बनारस में 100 एकड़ भूमि पर टेक्सटाइल पार्क का भूमि-पूजन प्रस्तावित है।

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंदगोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि बाबा महाकाल के अनन्य भक्त मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आगमन एक सुखद सौभाग्य है। बेहद सरल स्वभाव वाले मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनता के मन में छाप छोड़ने वाले लोकप्रिय राजनेता हैं। उनके प्रशासनिक निर्णय कठोर और स्पष्ट हैं। मध्य प्रदेश सरकार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाती।

यह आयोजन दोनों राज्यों के बीच गहरी समझ और सहयोग का स्पष्ट उदाहरण है। बघेलखंड, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के लोगों के साथ उत्तर प्रदेश का विशेष संबंध रहा है। कर्मयोगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए सबसे बेहतर गंतव्य बन गया है। हमारा उद्देश्य युवाओं को उद्यमी बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित