जयपुर , अप्रैल 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उपभोक्ताओं को पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली के लिए राज्य सरकार को प्रतिबद्ध बताते हुए प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाते हुए कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं तथा उद्योगों को निर्बाध एवं पर्याप्त बिजली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

श्री शर्मा मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ऊर्जा विभाग की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन एवं दूरगामी निर्णयों के फलस्वरूप प्रदेश की विद्युत उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज होने के साथ ही छीजत में कमी आई है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में अक्षय ऊर्जा में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की है। हर घर-हर खेत को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य किया जा रहा है। आज 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली मिल रही है जिसे राज्य सरकार वर्ष 2027 में प्रदेशभर में उपलब्ध कराएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित