भोपाल , अगस्त 17 -- राज्य सरकार द्वारा घोषित कृषक कल्याण वर्ष 2026 की मूल भावना के अनुरूप मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किसानों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रखा गया है।
ग्रामीण परिवारों एवं किसानों के सशक्तिकरण के लिए संचालित योजना के अंतर्गत मात्र पांच रुपये में स्थायी घरेलू एवं कृषि पंप बिजली कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। कंपनी के अनुसार अब तक 2.21 लाख ग्रामीण उपभोक्ताओं को नवीन बिजली कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इनमें 1.18 लाख कृषि और 1.02 लाख घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। इसके अलावा बीपीएल श्रेणी के 10,327 उपभोक्ताओं को भी पांच रुपये में बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
कंपनी द्वारा किसानों को सुगम एवं विश्वसनीय सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'स्वयं का ट्रांसफार्मर' योजना का भी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत अब तक 1.48 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। इसके माध्यम से कृषि पंपों के लिए अधिक विश्वसनीय एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कृषि क्षेत्र की विद्युत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बिजली अधोसंरचना को मजबूत करने और उपभोक्ता सुविधाओं के विस्तार का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराकर उनकी सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा ग्रामीण परिवारों को सरल एवं सुगम बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित