भोपाल , मार्च 1 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि अन्नदाताओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनकी आय दोगुनी की जाए।
इसी क्रम में 2 मार्च को जनजातीय बहुल बड़वानी जिले के नागलवाड़ी ग्राम में किसान कल्याण वर्ष की पहली कृषि केबिनेट आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रीमंडल नागलवाड़ी में उपस्थित रहेगा और किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। कृषि केबिनेट के साथ प्रबुद्धजन एवं किसानों से संवाद कार्यक्रम तथा कृषि एवं जनजातीय कल्याण पर केंद्रित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
लगभग छह हजार की जनसंख्या वाला नागलवाड़ी जनजातीय बहुल ग्राम है। यहां आयोजित होने वाली कृषि केबिनेट को न केवल बड़वानी जिले बल्कि पूरे निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नागलवाड़ी स्थित लगभग 800 वर्ष प्राचीन भिलट देव मंदिर जनजातीय आस्था का प्रमुख केंद्र है। कृषि केबिनेट के पश्चात मंत्रीमंडल के सदस्य मंदिर में दर्शन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री कृषि केबिनेट के बाद किसानों और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। इस दौरान प्रदेश में संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी तथा क्षेत्रीय विकास के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास और कृषि आधारित विकास से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के सदस्य जुलवानिया में आयोजित पारंपरिक भगोरिया हाट में भी सहभागिता करेंगे। केबिनेट के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रमों में भी जनजातीय परंपराओं की झलक दिखाई देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित