प्रतापगढ़ , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र में बुधवार को कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से स्कूली छात्र की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जेठवारा थाना क्षेत्र के चमरूपुर पठान गांव निवासी शिवकुमार विश्वकर्मा का बड़ा पुत्र अर्पित विश्वकर्मा (16) बुधवार दोपहर घर के एक कमरे में अकेला था। इसी दौरान कमरे में लगे कूलर में अचानक करंट उतर आया। कूलर के संपर्क में आते ही अर्पित करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

बताया गया है कि अर्पित ने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह दो भाइयों में बड़ा था और पढ़ाई में मेधावी माना जाता था। होनहार बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित