भिण्ड , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के नयागांव थाना क्षेत्र में कूलर की मरम्मत करते समय करंट लगने से 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह कूलर के बिजली तार का छिला हुआ हिस्सा साफ करने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार नयागांव निवासी तौफीक खान (62) सोमवार शाम अपने घर में कूलर की मरम्मत कर रहे थे। इस दौरान कूलर का तार बिजली बोर्ड में लगा हुआ था। बताया गया कि तार का छिला हिस्सा साफ करने के लिए उन्होंने उसे मुंह से छुआ, तभी अचानक करंट का तेज झटका लगने से वह अचेत होकर गिर पड़े।

परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नयागांव थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि तौफीक खान गुजरात के अहमदाबाद में मजदूरी करते थे और करीब आठ दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे। घर आने के कुछ दिन बाद हुए इस हादसे से परिवार सदमे में है। उनके परिवार में पत्नी जुबैदा बेगम, पुत्र इरफान खान सहित अन्य सदस्य हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित