ग्वालियर , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकला कैप वन चीता सांतऊ के जंगल से होते हुए नयागांव क्षेत्र में पहुंच गया है और शिवपुरी लिंक रोड हाइवे से कुछ ही दूरी पर देखा गया है। वन विभाग की ट्रेकिंग टीम और स्थानीय अमला चीता की लगातार निगरानी कर रहा है।
वही बीते तीन दिनों से ग्वालियर के जंगलों में चीता का मूवमेंट बना हुआ है। वह घोड़ा वन चौकी क्षेत्र के झांकरी, टोड़ा, मऊच, सांतऊ और नयागांव के जंगलों में घूम रहा है। मंगलवार को उसने दिशा बदलते हुए नयागांव के जंगल को अपना नया ठिकाना बना लिया है।
बताया गया है कि वन क्षेत्र में चीता सुरक्षित है, लेकिन करीब 500 मीटर की दूरी पर मौजूद हाइवे ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विशेष रूप से रात के समय चीता के हाइवे पार करने की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
वन अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि चीता को हाइवे से दूर रखा जाए या आवश्यक होने पर ट्रैफिक रोककर उसे सुरक्षित तरीके से हाइवे पार कराया जाए। इसके लिए अतिरिक्त स्टाफ को हाइवे पर तैनात किया गया है, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित कर चीता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित