नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज के 'दिल्ली को कैंसर कैपिटल' वाले बयान को लेकर उनकी निंदा की है और उन पर लोगों के बीच भय का वातावरण बनाने का आरोप लगाया है।

गौरतलब है कि कूड़े को लेकर श्री भारद्वाज ने प्रदेश सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है और कहा है कि ' भाजपा दिल्ली को कूड़े के नए पहाड़ देकर कैंसर कैपिटल' बना रही है।

श्री सचदेवा ने कहा कि यह कहना कि भाजपा सरकार भलस्वा का कूड़ा किराड़ी में डालकर गरीब पूर्वांचलियों को कैंसर जैसी बीमारियों का तोहफा दे रही है राजनीतिक द्वेष से भय का वातावरण बनाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि श्री भारद्वाज द्वारा इस "कूड़े " से ट्यूबवेल के पानी के दूषित होने सम्बंधी बयान देकर आप की ओछी राजनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विगत 12 साल से किराड़ी के लोगों ने आप का विधायक चुना है, इसलिए श्री भारद्वाज बतायें कि 11 साल "आप" की सरकार ने किराड़ी में रहने वाले 4.5 से पांच लाख लोगों का जीवन सुधारने के लिए क्या किया?श्री सचदेवा ने कहा कि जलभराव के कारण अकेले 2024 में किराड़ी में पानी में डूबने अथवा बिजली करंट लगने से लगभग 15 बच्चों और बड़ों की जान गई थी, लेकिन 2025 में संवेदनशील भाजपा सरकार आने बाद जलभराव स्थिति में सुधार हुआ और हादसों का भी लगभग कोई समाचार नहीं आया। उन्होंने कहा कि जहां तक शर्मा कॉलोनी का मामला है तो वहां भी विगत एक सप्ताह में डीडीए और दिल्ली नगर निगम ने 40 पम्प लगा कर पानी की निकासी सुनिश्चित की है।

उन्होंने कहा कि श्री भारद्वाज समझ लें कि यदि उन्होंने झूठ और भ्रम की राजनीति के साथ ही मुख्यमंत्री को लेकर व्यंग्यात्मक ब्यानबाज़ी नहीं छोड़ी तो अभी तो वह विधानसभा चुनाव हारे हैं, 2027 नगर निगम चुनाव में "आप" पार्टी ही साफ हो जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित