नयी दिल्ली , सितंबर 11 -- कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कूचा महाजनी मार्केट में 50 से अधिक दुकानों की कथित सीलबंदी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला।
श्री सुरजेवाला ने कहा कि देश के 3.5 करोड़ से अधिक सुनारों, स्वर्णकारों, ज्वैलर्स, दुकानदारों, व्यापारियों और कारीगरों पर 'भाजपाई बर्बादी' का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चार महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दो बार सोना नहीं खरीदने की अपील और आर्थिक मंदी के कारण जेम्स एंड ज्वैलरी उद्योग पहले ही संकट से जूझ रहा है। ऐसे में दुकानों की सीलबंदी से छोटे और मध्यम कारोबारियों तथा लाखों कारीगरों की आजीविका प्रभावित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेरोजगारी और महंगाई की समस्या से निपटने के बजाय अपनी नाकामी और बदइंतजामी का बोझ व्यापारियों पर डाल रही है।
श्री सुरजेवाला ने कहा कि कूचा महाजनी देशभर के छोटे-मझोले ज्वैलर्स के लिए महत्वपूर्ण बाजार है और यहां कार्रवाई रोजगार पर सीधा हमला है।
उन्होंने केंद्र से सवाल किया कि यदि ज्वैलरी उद्योग पहले से मंदी से जूझ रहा है तो ऐसे समय में कारोबारियों को राहत देने के बजाय सीलबंदी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को इस कार्रवाई का जवाब देना होगा।
गौरतलब है की सत्य निकेतन घटना के बाद निगम की ओर से कार्रवाई करते हुए बेसमेंट में बनी 50 से ज्यादा दुकानों को सील कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित