कोरबा , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में इमली छपार चौक स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में छप्पर तोड़कर चोरों ने नगदी समेत महंगे कपड़े और जूते चोरी कर लिए।
पुलिस के अनुसार, स्काई मेंस वेयर नामक दुकान के संचालक आकाश साहू मंगलवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने छप्पर टूटा हुआ और दुकान के अंदर सामान बिखरा पाया। अज्ञात चोर दुकान में रखे नए कपड़े, जूते और गल्ले में रखी करीब पांच हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों विकास नगर स्थित एक अन्य रेडीमेड दुकान में भी इसी तरह छप्पर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि चोर विशेष रूप से टीन-छप्पर वाली दुकानों को निशाना बना रहे हैं और रात के समय पुलिस गश्त की कमी का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। दुकानों में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित