भदोही , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में कोइरौना थाना क्षेत्र के दरवांसी गांव में मंगलवार को तीज के अवसर पर आयोजित विराट कुश्ती दंगल में दूरदराज से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। दंगल में एसएसआई प्रमोद यादव और बिहार के बक्सर निवासी पहलवान मनोज के बीच हुई कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही।

दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी सुशील सिंह ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कुश्ती पारंपरिक कला होने के साथ वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने का माध्यम भी है।

प्रतियोगिता में प्रयागराज के सुनील पहलवान ने रायबरेली के रजक को तथा भदोही के राणा सिंह ने मिर्जापुर के सुरेंद्र मुजहरा को पटखनी दी। वहीं, एसएसआई प्रमोद यादव ने बक्सर, बिहार के मनोज को पराजित कर 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया।

दंगल के आयोजन में कैलाशनाथ सिंह, उमाशंकर सिंह, रुद्रेश सिंह, मनीष सिंह, शिवराज सिंह, महेश सिंह, राकेश सिंह, पप्पू गुप्ता, सुनील सिंह, सोनू पांडेय, जयनाथ यादव, रोशन हाशमी और शिवशंकर गौतम का योगदान रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोइरौना पुलिस तैनात रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित