कुशीनगर , मार्च 24 -- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती (अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026) के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के लिये कुशीनगर के रिजर्व पुलिस लाइन में "रन फॉर यूनिटी" दौड़ का आयोजन किया गया।
यह दौड़ रिजर्व पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर रविन्द्रनगर धूस चौराहे तक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज/लाइन जयंत यादव एवं क्षेत्राधिकारी कार्यालय उमेशचंद भट्ट की उपस्थिति में हुआ।
दौड़ में पुरुष एवं महिला आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एकता का संदेश देते हुए दौड़ पूरी की। इस दौरान मिशन शक्ति से संबंधित एक जनजागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम सरदार पटेल के अखंड भारत और राष्ट्रीय एकता के विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित