कुशीनगर , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम सिधरिया ड्रेन में डूबने से एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। करीब 12 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों ने तीनों के शव बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, दुबौली गांव निवासी शंभू की पुत्रियां सपना (10) और छोटी (8) तथा रंजीत की पुत्री कुंचन (12) शुक्रवार शाम खेत से घास काटकर घर लौट रही थीं। रास्ते में बभनौली गांव के समीप स्थित सिधरिया ड्रेन की पुलिया पर तीनों कुछ देर के लिए रुकीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों पुलिया से नीचे तेज बहाव वाली ड्रेन में गिर गईं और देखते ही देखते पानी की धारा में बह गईं।
घटना के समय उनके साथ मौजूद सपना का 10 वर्षीय भाई कलुआ शोर मचाते हुए गांव पहुंचा और परिजनों तथा ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, मछुआरे और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर तलाश में जुट गए।
घटना की सूचना पर सदर एसडीएम राजीव निगम, तहसीलदार अभिषेक मिश्र, क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह तथा सदर विधायक मनीष जायसवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। करीब तीन घंटे बाद एनडीआरएफ की दो टीमें भी मौके पर पहुंचीं और स्थानीय पुलिस तथा ग्रामीणों के सहयोग से देर रात करीब एक बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन बच्चियों का पता नहीं चल सका। इसके बाद अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
शनिवार सुबह एनडीआरएफ टीम के दोबारा अभियान शुरू करने से पहले ही दर्जनों ग्रामीण स्वयं ड्रेन में उतर गए। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद तीनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित