कुशीनगर , सितम्बर 7 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के रविंद्र नगर थाना क्षेत्र के सरस्वती चौक बाईपास मार्ग पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक सब इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान पुलिस सब इंस्पेक्टर भवानी प्रसाद पांडे के रूप में हुई है। वह सेवरही थाना क्षेत्र में तैनात बताए जा रहे हैं और मूल रूप से बस्ती जनपद के निवासी थे।

पुलिस के अनुसार रविन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस सब इंस्पेक्टर भवानी प्रसाद पांडे (47) अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की एक बड़ी वजह सड़क के आधे हिस्से पर फैली निर्माण सामग्री को भी माना जा रहा है। बताया जाता है कि सड़क के आधे हिस्से पर गिट्टी और बालू गिराकर मकान निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसके चलते आवागमन के लिए सड़क का केवल आधा हिस्सा ही बचा था, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी संकरे रास्ते से भारी और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया।

यह मार्ग बिहार, कुबेरस्थान और तुर्कपट्टी की ओर जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। ऐसे में सड़क पर निर्माण सामग्री डालकर मार्ग को बाधित किया जाना हादसे की आशंका को और बढ़ा रहा था।

प्रारंभिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि पुलिस सब इंस्पेक्टर किसी ड्यूटी से वापस लौट रहे थे, हालांकि वह किस ड्यूटी से वापस आ रहे थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है।

इस संबंध रविन्द्र नगर के थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि कन्टेनर व उसके चालक को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित