कुशीनगर , अक्टूबर 28 -- कुशीनगर जिले के पडरौना शहर में मंगलवार रात नशे में धुत रोडवेज बस चालक अजित विश्वकर्मा ने पहले सवारियों से भरे टेंपो को टक्कर मारी। भागते समय उसने कई राहगीरों को कुचल दिया।

हादसे में स्टाफ नर्स नेहा मिश्रा की मौत हो गई जबकि 17 अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बस को रुकवाया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने लोगों के सहयोग से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां उनका इलाज शुरू हुआ। डॉक्टरों ने नेहा मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने 17 घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई है।

पुलिस के अनुसार जिले के पडरौना शहर में मंगलवार देर रात नशे में धुत चालक अजित विश्वकर्मा ने बस रोडवेज परिसर से जैसे ही निकली उसकी रफ्तार काफी तेज हो गई। कठकुइयां मोड़ से आगे पीडी मॉल के सामने बस ने सड़क की पटरी पर खड़े ई-रिक्शा और कार में ठोकर मार दी। नशे में धुत चालक ने इस हादसे के बाद बस रोकने की जगह उसकी गति और तेज कर दी।

पीडी मॉल के समीप मौजूद पुलिस कर्मी अपनी गाड़ी लेकर उसके पीछे लग गए और बस रोकवाने की कोशिश करने लगे। चालक ने बस की रफ्तार कम नहीं की। आगे पेट्रोल पंप के सामने बस ने ऑटो में ठोकर मार दी। इसी दौरान सड़क किनारे ठेले से भुजा खरीद रही कसया नगर के वार्ड नंबर 14, गड़ीनाथ नगर निवासी नेहा मिश्रा बस की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। नेहा छावनी स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स थीं।

सड़क पर जो भी सामने पड़ा, बस उसे कुचलते हुए भागती रही। डिपो में जाने के बजाय चालक बस लेकर जिला मुख्यालय की ओर भागने लगा। तकरीबन पांच किमी तक पीछा करते रहे पुलिस कर्मियों ने रवींद्रनगर धूस थाने की पुलिस को जानकारी हुई। बस लेकर भाग रहे चालक को रविन्द्र नगर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया और चालक अजीत विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इस सड़क हादसे में तिलक चौक निवासी राहुल गुप्ता (22), सुधई निवासी रघुराई सिंह (55) और उनके पुत्र राजा (18), धर्मपुर बुजुर्ग निवासी अरविंद सिंह (35), दुर्गवलिया निवासी सतपाल प्रसाद (50), सोहरौना निवासी अलाउद्दीन (60), परसौना निवासी चुलबली (15) और गिरजा (26), छावनी निवासी हर्षिता (20) और तौफीक (19), देवरिया के भटनी निवासी अमरनाथ यादव (45) और उनकी रिश्तेदार संध्या यादव (40), लक्ष्मीपुर महंथ निवासी अरविंद मिश्रा (45) और अभय प्रताप गिरी (32), नुजहत अंसारी (26) तथा पिपरा मोजरा निवासी बलिस्टर यादव (25) समेत कई लोग घायल हुए। घायल 40 वर्षीय सुभावती देवी को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

इस संबंध में एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने आज बुधवार को बताया कि जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई। बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित