कुशीनगर , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात मां के कैंसर के इलाज के लिए लखनऊ जा रहे युवक को गोली मार दी गई। वारदात में घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, गोली मारने का आरोपित अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, तरयासुजान क्षेत्र के घघवा जगदीश गांव निवासी राजन शर्मा (26) सोमवार रात करीब 10:45 बजे तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर लखनऊ-गोमतीनगर समर एक्सप्रेस में सवार हुए थे। कुछ देर बाद वह पानी लेने के लिए नीचे उतरे, तभी सेवरही थाना क्षेत्र के रकबा जंगली पट्टी निवासी आदर्श सिंह उर्फ बंटी अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और राजन की जांघ में गोली मार दी। घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर कस्बा चौकी प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल और वहां से बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
जीआरपी इंस्पेक्टर अनुज सिंह के अनुसार, घायल ने अपने बयान में बताया है कि ट्रेन में चढ़ते समय उसे दौड़ाकर गोली मारी गई। पुलिस के अनुसार, राजन ने 10 अक्टूबर को तरयासुजान थाने में तहरीर देकर अपनी जान-माल को खतरा होने की आशंका जताई थी। थानाध्यक्ष के मुताबिक, तहरीर के आधार पर उसी दिन चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बाद में उनके खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई कर उन्हें छोड़ दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, घायल राजन तरयासुजान थाने का, जबकि गोली मारने का आरोपित आदर्श सिंह उर्फ बंटी सेवरही थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, घटना के संबंध में घायल की ओर से अभी तक जीआरपी या स्थानीय पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित