कुशीनगर , जुलाई 10 -- कुशीनगर जिले में कसया थाना क्षेत्र के डिहवा बुजुर्ग मे रात में शौच करने सरेह की ओर गए युवक के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को सुबह युवक का गन्ने के खेत में रक्तरंजित शव मिला।

आक्रोशित भीड़ से शव को कब्जे में लेने पहुंची पुलिस को दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। लोग हत्यारों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा व एसडीएम डा. संतराज सिंह बघेल ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

पुलिस के अनुसार कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के डिघवां बुजुर्ग गांव निवासी गौरव कुमार (20) उर्फ गोलू प्रसाद कसया में किराए का कमरा लेकर शिल्पकारी (पत्थर पर नक्काशी, विशेष बनावट एवं लिखने) का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार गुरुवार की रात आठ बजे दुकान से घर आए। कुछ देर बाद बोतल लेकर शौच करने के लिए सरेह की ओर गए। रात के दस बजे गए और वापस नहीं आए। पिता राजू ने बेटे के नंबर पर फोन किया। घंटी बजी पर काल रिसीव नहीं हुई। उन्होंने लगातार तीन-चार बार प्रयास किया पर काल रिसीव नहीं हुई।

परिजन अनहोनी की आशंका से घिर उठे। सरेह की ओर तलाश शुरू हो गई। संभावित जगहों पर देर रात तलाश चलती रही पर गौरव का पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह खेत की ओर गए मजदूरों ने गन्ने के खेत में खून से लथपथ शव देखा। इसकी जानकारी गांव में दी। शव की पहचान गांव के ही गौरव के रूप में हुई। इस बीच चौकीदार ने थाने में इसकी सूचना दी।

इस संबंध में कसया थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय आवश्यक कार्रवाई शुरू की ही थी कि लोग आक्रोशित हो उठे और शव को कब्जे में लेने से रोक दिया। सीओ कसया डा.अजय कुमार सिंह पहुंचे। उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इस बीच एएसपी व एसडीएम आ गए। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। लगभग दो घंटे बाद माहौल शांत हुआ। फिर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

इस संबंध में सीओ ने बताया कि हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए तीन टीमें गठित कर दी गईं हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। शीघ्र ही इसका पर्दाफाश किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित