कुशीनगर , मार्च 13 -- बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। मार्च के अंत में महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में होने वाले इस आयोजन का शुभारंभ योगी आदित्यनाथ करेंगे। कॉन्क्लेव में थाईलैंड, म्यांमार, भूटान, नेपाल, लाओस, वियतनाम, कंबोडिया और श्रीलंका सहित विभिन्न बौद्ध देशों के भिक्षु, कलाकार, राजनयिक तथा देश के अलग-अलग हिस्सों से बौद्ध मतावलंबी भाग लेंगे।

कुशीनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सभागार में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने आयोजन की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव के माध्यम से जिले के पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में बौद्ध भिक्षुओं, पर्यटन व संस्कृति से जुड़े लोगों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर कार्ययोजना बनाई गई। दिल्ली, सारनाथ, बोधगया, लुंबिनी, मैक्लोडगंज और लद्दाख स्थित बौद्ध मठों के प्रमुखों से संपर्क करने का निर्णय लिया गया। कॉन्क्लेव में बुद्धिस्ट थीम पर सजे मंच पर बौद्ध परंपराओं से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी, जिनके लिए कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा।

बैठक में सुरक्षा, आमंत्रण समिति के गठन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, अग्निशमन, पंडाल और मंच व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई और संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नगर पालिका को स्वच्छता प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था तथा पूरे महापरिनिर्वाण पथ को बुद्धिस्ट थीम पर सजाने-संवारने की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मातहत अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, एडीएम वैभव मिश्रा, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, एसडीएम संतराज सिंह बघेल, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य, सीओ कुंदन सिंह, ईओ अंकिता शुक्ला सहित अन्य अधिकारी और बौद्ध भिक्षु उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित