कुशीनगर , जुलाई 9 -- कुशीनगर में विशुनपुरा क्षेत्र में गुरुवार को हल्की वर्षा के बीच बिजली गिरने से मां की आंखों के सामने ही किशोर की झुलस कर मृत्यु हो गयी। दोनों एक साथ खेत से सब्जी निकालने गए थे।

पुलिस के अनुसार कुशीनगर जिले के ठाढ़ीभार निवासी लालबाबू कुशवाहा रोजगार के सिलसिले में पांच वर्ष से सऊदी अरब में हैं। घर पर पत्नी कविता व 14 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार रहते हैं। गांव पर पत्नी सब्जी की खेती भी करती हैं। गुरुवार की दोपहर बाद लगभग तीन बजे वह अपने इकलौते पुत्र के साथ खेत से सब्जी निकाल कर बेचने के लिए गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह खेत से सब्जी तोड़ कर मेड पर बोरा लेकर खड़े पुत्र को दे रही थीं और वह उसमें रख रहा था। इस दौरान बिजली गिरी तो राहुल चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

मां कविता अभी कुछ समझ पातीं कि मौके पर ही पुत्र की मौत हो गई। लेखपाल संग पुलिस पहुंची तो परिजनो ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित